बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। शहर के नेहरू नगर क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल नर्मदा नगर की ओर से आ रही थी। श्री मंगल मेडिकल एवं साईं मंदिर के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ के किनारे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर खून के निशान भी दिखाई दिए।
90 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार का दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक बेहद तेज रफ्तार में थी। कुछ लोगों ने इसकी गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने का दावा किया है। वहीं, बाइक सवारों के नशे की हालत में होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इन दोनों बातों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। इसी बीच पुलिस और एम्बुलेंस के पहुंचने का इंतजार किए बिना स्थानीय नागरिकों ने घायल युवक की मदद के लिए तत्परता दिखाई।
गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अपनी मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर और सहारा देते हुए तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लोगों की इस तत्परता से घायल को समय पर उपचार मिल सका।
वीडियो और तस्वीरें सामने आईं
दुर्घटना के बाद घटनास्थल के वीडियो और तस्वीरें भी सामने आए हैं। इनमें स्थानीय लोग घायल युवक को संभालकर अस्पताल ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
