बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति की आस्था का प्रमुख पर्व तीजा तिहार इस वर्ष बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में कमल सखी परिवार एवं भारतीय जनता पार्टी बेलतरा विधानसभा की बहनों द्वारा रविवार, 6 सितंबर को भव्य तीजा तिहार समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
बहतराई स्थित बी.आर. यादव इनडोर स्टेडियम में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि एवं महिला नेत्रियां शामिल होंगी।
कार्यक्रम में विधायक रेणुका सिंह, भावना बोहरा, शकुंतला पोर्ते, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, मीना अरुण साव, लीलावती तोखन साहू, शांति केदार कश्यप, शशि अमर अग्रवाल, शशि धर्मजीत सिंह एवं सुरुज धरमलाल कौशिक सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगेगा तीजा तिहार
समारोह में छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक उत्सव का रंग देखने को मिलेगा। लोकप्रिय गायिका गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर और उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का विशेष आकर्षण रहेंगी।
तीजहारिन माताओं एवं बहनों के लिए करू भात तथा पारंपरिक सावन झूले की व्यवस्था की गई है। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक प्लेइंग जोन तैयार किया गया है। इसके अलावा अनेक पारंपरिक एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
मातृशक्ति के सम्मान का उत्सव
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि मातृशक्ति का सम्मान करने के साथ छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को सहेजना भी है।
उन्होंने बेलतरा विधानसभा एवं बिलासपुर क्षेत्र की सभी माताओं और बहनों से बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आह्वान किया है।
पारंपरिक परिधान में पहुंचने की अपील
कमल सखी परिवार एवं भाजपा बेलतरा विधानसभा की ओर से क्षेत्र की माताओं एवं बहनों से अपील की गई है कि वे पारंपरिक परिधान में समारोह में शामिल हों और सामूहिक रूप से तीजा तिहार के उल्लास एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंगों को साझा करें।
कार्यक्रम विवरण:
दिनांक: 6 सितंबर 2026, रविवार
समय: प्रातः 11 बजे
स्थान: बी.आर. यादव इनडोर स्टेडियम, बहतराई, बिलासपुर
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र की मातृशक्ति में खासा उत्साह देखा जा रहा है। तीजा तिहार के माध्यम से बेलतरा में छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा, संस्कृति और नारी सम्मान का भव्य संगम देखने को मिलेगा।
