*केंद्र में भाजपा सरकार, राज्य में भाजपा सरकार* *विधायक-सांसद-सर्पंच भी भाजपा के, जमीन बेचने वाले भी भाजपा से जुड़े; फिर भी तखतपुर के छतौना स्थित ऊर्जा विहार कालोनी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है*
बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग से लगी ग्राम पंचायत छतौना की ऊर्जा विहार कालोनी आज भी विकास की बाट जोह रही है। सर्वसुविधायुक्त कालोनी बनाने का दावा कर प्लाट बेचने वाले जिम्मेदार लोग अब रहवासियों की समस्याओं से दूरी बनाए हुए हैं।
तखतपुर विधानसभा क्षेत्र की इस कालोनी में सड़क, नाली, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर रहवासी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्राम पंचायत छतौना को सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए गोद लिया है, लेकिन इसी पंचायत की एक प्रमुख कालोनी की बदहाली पर सवाल उठ रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत स्तर से लेकर संचालनालय तक ज्ञापन देने के बावजूद कालोनी के विकास के लिए प्रस्तावित करीब 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत नहीं हो सकी है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब सत्ता, संगठन और जनप्रतिनिधियों का समर्थन एक ही दल के पास है, तो फिर ऊर्जा विहार कालोनी के लोग वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए क्यों संघर्ष कर रहे हैं? आदर्श ग्राम पंचायत का सपना साकार होगा या फिर यह कालोनी केवल वादों और कागजी प्रस्तावों तक ही सीमित रह जाएगी?
