बिलासपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर शिल्प और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की सुंदर एवं आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। जगह-जगह सजे पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे।
इसी कड़ी में बिलासपुर के रेलवे क्षेत्र में स्टेशन के समीप के पास भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक पंडाल सजाया गया। यहां प्रतिमा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की और प्रसाद ग्रहण किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे क्षेत्र में भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाने की परंपरा कई दशकों पुरानी है। पिछले करीब 40 से 50 वर्षों से प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाई जा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भगवान विश्वकर्मा की सुंदर प्रतिमा स्थापित की गई।
इस अवसर पर सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। उन्होंने पंडाल में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए, माथा टेका और प्रसाद ग्रहण किया।
भगवान विश्वकर्मा को भारतीय परंपरा में शिल्प, निर्माण एवं वास्तुकला का देवता माना जाता है। श्रद्धालुओं ने कहा कि उनकी जयंती मेहनत, हुनर, तकनीक और सृजन के प्रति सम्मान का संदेश देती है।
