– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। त्योहारी सीजन में गैस उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने व्यवस्था में बदलाव किया है। बालाजी गैस कंपनी के 3500 से अधिक रिफिल बुकिंग को शहर की दूसरी गैस एजेंसियों में ट्रांसफर कर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जा रही है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिना परेशानी समय पर रिफिल सिलिंडर उपलब्ध कराना है। आईओसीएल के अनुसार साईं प्रसाद इंडेन और वर्तिका इंडेन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर बालाजी गैस कंपनी के उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। त्योहारी मौसम को देखते हुए कंपनी की ओर से शहर के सभी इंडेन वितरकों को नियमित रूप से रिफिल की आपूर्ति की जा रही है, ताकि मांग के अनुरूप उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलते रहें।
शहर में घरेलू सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक
आईओसीएल के मुताबिक वर्तमान में बिलासपुर शहर में घरेलू इंडेन गैस सिलिंडरों के स्टॉक में कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सिलिंडरों की आपूर्ति की जा रही है। कंपनी का कहना है कि त्योहारी सीजन में भी रिफिल की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।
पहले की तरह ही करें गैस की बुकिंग
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि बालाजी गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग की प्रक्रिया में किसी तरह का बदलाव करने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता पहले की तरह ही गैस की बुकिंग करते रहें। बुकिंग के बाद संबंधित उपभोक्ताओं को साईं प्रसाद इंडेन अथवा वर्तिका इंडेन के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में होम डिलीवरी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग और आईओसीएल की टीम पूरी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराने तथा त्योहारी सीजन में आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
