– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। जिले के बिल्हा वितरण केंद्र क्षेत्र में बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार से विशेष वसूली अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के दौरान बिल जमा न करने वाले कुल 102 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
अभियान के दौरान कार्रवाई से घबराए 25 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 9 लाख 50 हजार रुपये का बकाया बिल चुका दिया, जिसके तुरंत बाद विभाग ने उनकी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। वहीं, शेष 71 डिफॉल्टर्स द्वारा राशि जमा न किए जाने पर उनके कनेक्शन पूरी तरह काट दिए गए हैं।
अवैध रूप से लाइन जोड़ने वालों पर होगी एफआईआर
विद्युत विभाग के मुताबिक, पूर्व में काटे गए कनेक्शनों में से 6 उपभोक्ताओं ने अवैध रूप से डायरेक्ट लाइन जोड़कर बिजली चोरी करना शुरू कर दिया था। इन सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किया गया है और मामला विशेष न्यायालय में भेजा जाएगा।
आगे की रणनीति
अधीक्षण यंत्री एस. के. जांगड़े ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में मस्तुरी, कोटा, बिल्हा और बेलतरा क्षेत्र में बकायादारों के खिलाफ इसी तरह का बड़ा अभियान लगातार जारी रहेगा। शुक्रवार को चली इस कार्रवाई के दौरान एसई सुरेश जांगड़े और ईई अनुपम सरकार के साथ ग्रामीण क्षेत्र के एई और जेई भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
