बिलासपुर, 21 सितंबर 2026: कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) बिलासपुर इकाई, ‘भारत बैग हाउस’ के संचालकों और स्थानीय व्यापारी बंधुओं की आज बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सकारात्मक बैठक संपन्न हुई।हाल ही में तेलीपारा स्थित ‘भारत बैग हाउस’ में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई जबरन वसूली (चंदा), मारपीट और डराने-धमकाने की घटना को लेकर व्यापारिक समुदाय में भारी रोष था। इस घटना के विरोध में व्यापारियों द्वारा आगामी 23 सितंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक दो घंटे के प्रतीकात्मक ‘बिलासपुर बंद’ का आह्वान किया गया था।आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान कैट (CAIT) के पदाधिकारियों ने बिलासपुर एसपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रशासनिक आश्वासन और निर्णय:
व्यापारियों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और शहर के मुख्य व्यापारिक केंद्रों में पुलिस गश्त बढ़ाकर व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।शासन और पुलिस प्रशासन की ओर से मिले इस त्वरित, सकारात्मक सहयोग और सुरक्षा के ठोस आश्वासन को देखते हुए 23 सितंबर को प्रस्तावित ‘बंद’ के आह्वान को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है।
कैट (CAIT) राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, और कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने सभी व्यापारी भाइयों से अपील की है कि वे 23 सितंबर को अपने-अपने प्रतिष्ठान व बाजार रोजाना की तरह सामान्य रूप से संचालित करें। व्यापारिक संगठन कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को अपना पूरा सहयोग प्रदान करेगा।
