बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ के तहत छठवें दिवस का कार्यक्रम विशेष संवाद एवं विचार-विमर्श के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री राजा पाण्डेय, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारती की आरती एवं वेदामृत के सामूहिक गान से हुआ। इसके बाद छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कमल सोनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बिलासपुर के विकास की वर्तमान स्थिति, शहर के सामने मौजूद चुनौतियों तथा विकास की गति को और बेहतर बनाने में सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की भूमिका पर विचार रखे।
मुख्य अतिथि राजा पाण्डेय ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य को उसके दूरगामी प्रभावों को ध्यान में रखकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपने व्यवसाय के साथ सामाजिक दायित्वों और संगठन को भी समय देना चाहिए, जिससे व्यापारियों की आवाज प्रभावी ढंग से सामने आ सके।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में सराफा एसोसिएशन के मजबूत संगठनात्मक स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों एवं समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने गलाई कारीगरों एवं स्वर्ण कला से जुड़े कारीगरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वर्ण आभूषण निर्माण केवल व्यापार नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही कला, कौशल और रोजगार की महत्वपूर्ण परंपरा है।
कार्यक्रम में सराफा गलाई एसोसिएशन एवं सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की भी विशेष सहभागिता रही। सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन से श्री सागर कक्कड़ एवं श्री शशांक अग्रवाल सहित सराफा समाज के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में भाजपा कार्यकर्ता श्रीमती निहारिका त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि, सभी अतिथियों, सराफा गलाई एवं सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों एवं व्यापारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
जारीकर्ता:
श्री कमल सोनी
अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन
