बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सहयोग से भारत माता स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सुरक्षा पखवाड़ा अभियान के तहत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न मार्गों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में मंगवाकर को गोल बाजार चौक पर स्कूली बच्चों ने प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि यदि शहर, गली-मोहल्ले और घर के आसपास साफ-सफाई नहीं रखी जाएगी तो गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्वच्छ और साफ वातावरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।
बच्चों ने लोगों से अपील की कि बाजार में खरीदारी करने जाते समय घर से कपड़े या जूट का थैला साथ लेकर जाएं और प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग से बचें। साथ ही घर से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंककर डस्टबिन में डालें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, ताकि कचरे का उचित निपटान और प्रबंधन किया जा सके।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों ने यह भी संदेश दिया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ बिलासपुर का सपना साकार हो सकता है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से अपने घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
