पाकिस्तान के नौ प्रमुख डिजाइनरों ने एयरलाइन स्टाफ की यूनिफॉर्म के लिए अपने डिजाइन और आइडिया पेश किए। PIA का कहना है कि इस पहल के जरिए एयरलाइन के लुक को नया रूप देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ पाकिस्तानी यूजर्स ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं।
16 सितंबर को पाकिस्तानी डिजाइनरों ने 2026 के लिए PIA की प्रस्तावित नई यूनिफॉर्म के डिजाइन पेश किए। एयरलाइन ने इस शोकेस का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए कहा कि डिजाइनरों ने एयरलाइन की भविष्य की यूनिफॉर्म को लेकर अपनी सोच को डिजाइन के रूप में सामने रखा है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा सिर्फ यूनिफॉर्म के डिजाइन तक सीमित नहीं रही। कुछ यूजर्स ने एयरलाइन की वित्तीय स्थिति, उड़ानों में देरी और अन्य परिचालन समस्याओं का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि ऐसे समय में यूनिफॉर्म पर इतना ध्यान क्यों दिया जा रहा है।
X पर हमजा नाम के एक यूजर ने डिजाइनर फराज मनन की यूनिफॉर्म को लेकर व्यंग्य करते हुए लिखा कि वह उस वक्त का इंतजार कर रहे हैं, जब फराज मनन की डिजाइन की हुई यूनिफॉर्म पहनी कोई एयरहोस्टेस उन्हें बताए कि उनकी फ्लाइट अनिश्चितकाल के लिए देरी से चल रही है।
एक अन्य यूजर ने सवाल उठाया कि जब PIA के सामने कई महत्वपूर्ण समस्याएं हैं, तो एयरलाइन को उन मुद्दों के बजाय यूनिफॉर्म पर ध्यान देने की जरूरत क्यों महसूस हुई। कुछ यूजर्स ने इस पहल को एयरलाइन की प्राथमिकताओं और कामकाज पर सवाल उठाने का मौका बताया।
PIA की ओर से नई यूनिफॉर्म को लेकर इसे एयरलाइन की ब्रांड पहचान को नया रूप देने की पहल के तौर पर पेश किया गया है। वहीं, सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं में यूनिफॉर्म से ज्यादा एयरलाइन की मौजूदा चुनौतियों और यात्रियों को होने वाली परेशानियों पर चर्चा देखने को मिली
