पन्ना जिले में मित्र के घर छिपा था रामसिंह ठाकुर, कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बिलासपुर। खापरगंज क्षेत्र में हुए विवाद के मामले में फरार चल रहे आरोपी रामसिंह ठाकुर को कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से रामसिंह ठाकुर फरार चल रहा था। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मध्यप्रदेश के जिला पन्ना में छिपा हुआ है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने ग्राम माकरी कुठार, थाना बृजपुर, जिला पन्ना (म.प्र.) में दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी के मित्र धीरेन्द्र पटेल के घर की घेराबंदी कर रामसिंह ठाकुर को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बिलासपुर लाया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। खापरगंज विवाद के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
