किशोर पंजवानी ने कहा—सड़क दुर्घटनाओं से गौवंश की सुरक्षा और बेहतर उपचार रहेगा प्राथमिक उद्देश्य
बिलासपुर। श्री लक्ष्मी गोधाम गौशाला, बिलासपुर के जिला अध्यक्ष किशोर पंजवानी ने हमर संगवारी के संपादक विजय दुसेजा से खास बातचीत में गौवंश के संरक्षण और सेवा को लेकर अपनी आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
किशोर पंजवानी ने बताया कि पहली बार सिंधी समाज के किसी व्यक्ति को छत्तीसगढ़ की शासन से पंजीकृत संस्था लक्ष्मी गोधाम गौशाला का बिलासपुर जिला अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और इसके बाद गौवंश की सेवा एवं संरक्षण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन से चकरभाठा क्षेत्र में जमीन उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी, ताकि वहां गौ माता के लिए एक सुंदर एवं भव्य गोधाम गौशाला का निर्माण किया जा सके। इस गौशाला में सड़कों और सड़क किनारे विचरण करने वाले गौवंश को सुरक्षित आश्रय देने की व्यवस्था की जाएगी।
पंजवानी ने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में गौ माता घायल हो जाती हैं। कई बार दुर्घटना में उनकी जान चली जाती है, जबकि अनेक गौवंश गंभीर रूप से घायल होकर जीवनभर परेशानी झेलते हैं। ऐसे में प्रस्तावित गौशाला में घायल एवं बीमार गौवंश के लिए उचित उपचार, देखभाल, भोजन और सुरक्षित रहने की व्यवस्था करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि गौशाला को केवल आश्रय स्थल के रूप में नहीं, बल्कि गौ सेवा का एक व्यवस्थित केंद्र बनाने का प्रयास किया जाएगा। बीमार और घायल गौवंश के उपचार के साथ उनके खान-पान तथा नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
किशोर पंजवानी ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद गौ सेवा से जुड़ी अन्य योजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से मूर्त रूप दिया जाएगा। इस कार्य में समाज, व्यापारियों और शहरवासियों से सहयोग एवं मार्गदर्शन लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से गौवंश संरक्षण और सेवा के इस अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है, इसलिए सभी वर्गों के सहयोग से इस दिशा में सार्थक पहल करने का प्रयास किया जाएगा।
