रायपुर। राजधानी रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित “आयुर्वेद सेवा सम्मेलन एवं रक्तदान महाकुंभ” के दौरान कार्यक्रम के सफल आयोजन में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने के लिए कैट छत्तीसगढ़ की टीम को वरिष्ठ नेताओं द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान कैट टीम के लिए गौरव का क्षण रहा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केदार कश्यप एवं टंकराम वर्मा तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेताओं ने कैट छत्तीसगढ़ की टीम के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान महाकुंभ में 1000 से अधिक मातृशक्तियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजकों के अनुसार इस उल्लेखनीय पहल के चलते छत्तीसगढ़ का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। वहीं प्रोजेक्ट दधीचि के अंतर्गत 31 दानदाताओं ने देहदान का प्रेरणादायक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। रक्तदान एवं देहदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में मानव कल्याण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कैट छत्तीसगढ़ टीम के सम्मान को लेकर पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत और सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह गौरवपूर्ण अवसर भविष्य में भी जनसेवा, समाजहित एवं मानव कल्याण के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक एवं व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
