बिलासपुर, 28 सितंबर 2026/सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री सेजेस गर्ल्स स्कूल, सरकंडा में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के 60 संकुलों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ’’5 विद्यार्थियों का भाषण तथा 10 विद्यार्थियों का चित्रकला प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयन किया गया।’’
विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, नया कश्मीर, महिला सशक्तिकरण, सेना का शौर्य और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में ’’अमितेश तिवारी (डीएवी स्कूल, बसंत बिहार), रिमझिम ठाकुर (एनएफबी स्पर्श विद्यालय, तिफरा), रूपाली श्रीवास (एमएस देवरीखुर्द), रागिनी मित्रा (एमएस रहंगी) और अनुराधा सूर्यवंशी (एमएस मोहतरा)’’ का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
अमितेश तिवारी ने ‘स्वच्छ भारत, सपनों का भारत’ विषय पर औद्योगिकीकरण एवं नगरीकरण को स्वच्छता के समक्ष चुनौती बताते हुए स्वच्छ भारत के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता को आवश्यक बताया। रिमझिम ठाकुर ने ‘नया कश्मीर’ विषय पर कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन की संभावनाओं और अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद की परिस्थितियों पर विचार रखे। रूपाली श्रीवास ने महिला सशक्तिकरण को विकसित भारत के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। रागिनी मित्रा ने ‘सेना का शौर्य’ विषय पर भारतीय सेना के पराक्रम और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान को रेखांकित किया। अनुराधा सूर्यवंशी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री घनश्याम कौशिक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं। बीईओ बिल्हा श्री भूपेंद्र कौशिक ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विकसित भारत का सपना देखने और उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने प्रेरित किया।
*चित्रकला प्रतियोगिता में 10 विद्यार्थी चयनित -*
विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन पंडित देवकीनंदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ भारत’, ‘विकसित भारत’, ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘25 वर्ष पूर्व भारत की स्थिति’ जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ’’श्रद्धा सेन, इनाया बानो, गोपाल साहू, खुशी यादव, माही रात्री, ऐश्वर्या लक्ष्मी, प्रियांशी कुर्रे, लितिका नेताम, माया बाटवे एवं समृद्धि मिश्रा’’ का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
कार्यक्रम में बीईओ श्री भूपेंद्र कौशिक, प्राचार्या श्रीमती कल्पना दुबे एवं नोडल अधिकारी श्रीमती दीप्ति गुप्ता सहित संकुल समन्वयक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन को सफल बनाने में विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री देवी चंद्राकर, श्री वासुदेव पांडे, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षक साथियों का सराहनीय योगदान रहा।
