भोपाल विधायक भगवान दास सबनानी से वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार कलवानी ने की सौजन्य भेंट
बिलासपुर। भारतीय सिंधु सभा बिलासपुर द्वारा आयोजित नगर के प्रतिभावान बच्चों के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सिंधी समाज के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि श्री भगवान दास सबनानी से वरिष्ठ पत्रकार एवं जनसंदेश समाचार पत्र के संपादक राजकुमार कलवानी ने सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर राजकुमार कलवानी ने श्री सबनानी को अपना परिचय देते हुए बताया कि वे विगत 36 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा जनसंदेश समाचार पत्र का प्रकाशन कर रहे हैं। उन्होंने अपनी नवनिर्मित स्मारिका ‘पर्यावरण, संस्कृति एवं रोजगार’ की प्रति भी श्री सबनानी को भेंट की। स्मारिका देखकर विधायक भगवान दास सबनानी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान श्री सबनानी ने समाज के वरिष्ठ सदस्यों के साथ समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए और सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च को नियंत्रित करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि परिवार एवं समाज में होने वाले विवाह समारोह निर्धारित समय पर आयोजित किए जाएं तथा रिसेप्शन में दूल्हा-दुल्हन भी समय पर मंच पर पहुंचें, ताकि समारोह में उपस्थित सभी मेहमान उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दे सकें।
श्री सबनानी ने बताया कि भोपाल में एक समाज द्वारा रिसेप्शन में केवल 11 व्यंजन रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सुझाव दिया कि बिलासपुर में भी समाज इस प्रकार की पहल कर एक उदाहरण प्रस्तुत कर सकता है। इससे अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण के साथ-साथ भोजन की बर्बादी को भी कम किया जा सकेगा।
उन्होंने तेरहवीं के अवसर पर आयोजित होने वाले भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा उस राशि का उपयोग समाज के जरूरतमंद परिवारों की सहायता एवं समाजहित कि योजनाओं में करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
श्री भगवान दास सबनानी द्वारा दिए गए इन सुझावों पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए उन्हें अमल में लाने का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर राजकुमार कलवानी ने श्री भगवान दास सबनानी को देश एवं समाजहित में निरंतर कार्य करते हुए प्रगतिपथ पर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी
