– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या कर शव जंगल में छिपाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओमप्रकाश लहरे के रूप में हुई है। घटना 27 सितंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैट्रिक चौक, फदहाखार क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश को लेकर सुनील निर्मलकर उर्फ टाईगर और घनंजय धुरी उर्फ आदि अपने अन्य साथियों के साथ ओमप्रकाश लहरे से विवाद में उलझे थे। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या किए जाने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से फदहाखार जंगल में छिपा दिया। 28 सितंबर को मर्ग जांच के दौरान पुलिस और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच और पूछताछ के दौरान हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद सिरगिट्टी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 703/2026 दर्ज करते हुए धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया है। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल कर दिया गया है।
