– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर । गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (कोनी) के मुख्य गेट के पास मंगलवार शाम एक लावारिस बोरे में मानव शव होने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और साइबर यूनिट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर सभी ने राहत की सांस ली।
दुर्गंध से फैली सनसनी
मंगलवार शाम करीब 7 बजे राहगीरों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास एक बोरे से उठ रही तेज दुर्गंध और उसमें मानव शव होने की आशंका पर कोनी पुलिस को सूचना दी। मामला किसी गंभीर घटना या हत्या से जुड़ा होने की आशंका को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्परता दिखाते हुए थाना पुलिस के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।
डॉग स्क्वॉड की मौजूदगी में खुला बोरा
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी और सुरक्षा एहतियात के तौर पर मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। स्निफर डॉग के साथ पहुंचे डॉग मास्टर की जांच के बाद जब कड़े सुरक्षा घेरे में बोरे को खोला गया, तो अंदर मानव शव के बजाय एक मृत कुत्ता निकला।
पुलिस ने ली राहत की सांस और कराया दफन
कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मरे हुए कुत्ते को बोरे में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया था। शव कई दिनों पुराना होने के कारण सड़ चुका था, जिससे भीषण दुर्गंध आ रही थी।स्थिति स्पष्ट होने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए मृत कुत्ते के शव को गड्ढा खुदवाकर सुरक्षित रूप से जमीन में दफना दिया, जिसके बाद मौके पर मची अफरा-तफरी और तनाव का माहौल शांत हुआ।
