बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जिस कट को वैकल्पिक मार्ग के रूप में खुला रखा था, अब उसी कट पर दुर्गा पंडाल के लिए बांस-बल्लियां लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। इसके चलते दयालबंद पुल की ओर से गांधी चौक और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। अब उन्हें करीब 1 से 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को हो रही है।
ट्रैफिक सुधार के लिए खोला गया था रास्ता, बांस-बल्लियां लगाकर किया बंद; जाम बढ़ने की आशंका
गांधी चौक से बसंत विहार चौक की ओर जाने वाले तिराहे को ट्रैफिक पुलिस पहले ही बंद कर चुकी है। इसके कारण दयालबंद पुल की ओर से आने वाले वाहनों को लेफ्ट टर्न लेकर आगे जाना पड़ता है। करीब 500 मीटर आगे वाहनों को वापस दूसरी दिशा में आने-जाने के लिए एक कट खुला रखा गया था। इस स्थान पर यातायात पुलिस ने दो ब्लिंकर भी लगाए थे।
पहले भी लग रहा था एक किमी का अतिरिक्त चक्कर
वैकल्पिक कट के कारण वाहन चालकों को पहले ही करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी, लेकिन इससे यातायात का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिल रही थी। वाहन चालक इसी कट से दिशा बदलकर गांधी चौक सहित आसपास के क्षेत्रों की ओर आसानी से जा रहे थे।अब इसी कट को दुर्गा पंडाल के निर्माण के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। बांस-बल्लियों से रास्ता घेर दिए जाने के कारण ब्लिंकर वाला वैकल्पिक मार्ग भी बंद हो गया है। परिणामस्वरूप दयालबंद पुल की ओर से आने वाले वाहन चालकों को अब आगे जगमल चौक तक जाकर वापस मुड़ना पड़ रहा है। इससे गांधी चौक की ओर जाने वाले वाहन चालकों को करीब दो किलोमीटर तक अतिरिक्त घूमना पड़ रहा है।
जाम के दबाव वाले तिराहे पर बढ़ेगी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी चौक से दयालबंद पुल की ओर मुड़ने वाला तिराहा पहले से ही यातायात के भारी दबाव वाला क्षेत्र है। ऐसे में वैकल्पिक कट को भी बंद कर दिए जाने से यहां वाहनों का दबाव और बढ़ सकता है। खासकर पीक आवर में जाम की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजन के लिए सड़क के किसी हिस्से का उपयोग करने से पहले यातायात पुलिस और आयोजन समिति को मिलकर वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक डायवर्जन की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि श्रद्धालुओं के आयोजन के साथ आम वाहन चालकों को भी परेशानी न हो।
रास्ता बंद किए जाने की जानकारी नहीं मिली : एएसपी ट्रैफिक
एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कहा कि बांस-बल्लियां लगाकर वैकल्पिक कट बंद किए जाने की उन्हें जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि तत्काल मौके पर स्थिति दिखवाकर आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी।
