*आकांक्षा टोप्पो ने की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा की तारीफ, बोलीं—गलत के खिलाफ आवाज भी उठेगी, सही को सही कहने की हिम्मत भी रखूंगी*
*आकांक्षा ने सीएम साय और गृहमंत्री विजय शर्मा व छ्ग शासन के बारे मे क्या कहा वीडियो देखना न भूले*
अंबिकापुर-सोशल मीडिया पर बेबाक अंदाज और जनहित के मुद्दों को लेकर मुखर रहने वाली आकांक्षा टोप्पो ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ उनकी आवाज और तेवर आगे भी कायम रहेंगे, लेकिन अब भाषा और शब्दों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखेंगी। उन्होंने कहा*—आकांक्षा वही रहेगी* *आवाज वही रहेगी, तेवर वही रहेंगे, लड़ाई वही रहेगी*… *बस अब शब्द बदलेंगे”*
आकांक्षा ने कहा कि सरकार, मंत्रियों और पुलिस-प्रशासन की आलोचना के दौरान पूर्व में उनकी भाषा कई बार कठोर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लिए पूर्व में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को अनुचित मानते हुए कहा कि अब वे मुद्दों और तथ्यों पर मजबूती से अपनी बात रखेंगी, लेकिन भाषा को मर्यादित रखने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया। उनके अनुसार रविवार को स्थिति गंभीर हो गई, जब उनकी गाड़ी का पीछा किया गया, रास्ता रोका गया और गाली-गलौज की गई। सुरक्षा के लिए उन्हें होटल में शरण लेनी पड़ी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी शिकायत पर FIR दर्ज की गई।
आकांक्षा ने कहा कि बाद में उनके खिलाफ भी FIR दर्ज होने से वे निराश हुई थीं, लेकिन रवींद्र तिवारी के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज होने की जानकारी के बाद उनका नजरिया बदला। उन्होंने तिवारी पर आदिवासी महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया और कहा कि इस मामले में आदिवासी समाज की महिलाओं ने शिकायत की थी।
*“सरकार की तारीफ का मतलब सवाल बंद करना नहीं”*
आकांक्षा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की प्रशंसा का अर्थ सरकार के हर निर्णय का समर्थन करना नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क खराब होगी तो सवाल करेंगी, गरीब के साथ अन्याय होगा तो आवाज उठाएंगी और आदिवासी, महिला या किसी कमजोर व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर उसके पक्ष में खड़ी रहेंगी। पुलिस-प्रशासन से गलती होगी तो प्रशासन और सरकार से गलती होगी तो सरकार से भी सवाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं लड़ रही हैं, बल्कि न्याय के पक्ष में आवाज उठाना उनका उद्देश्य है। जिस शासन की उन्होंने पूर्व में आलोचना की, यदि उसी शासन में उनकी शिकायत सुनी गई, सुरक्षा उपलब्ध कराई गई और राजनीतिक पहचान से परे कार्रवाई हुई, तो उस सकारात्मक पहलू को स्वीकार करना भी जरूरी है।
आकांक्षा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा, एसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, आईपीएस राहुल बंसल सहित संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि आगे उनकी कार्यशैली में बदलाव भाषा का होगा, मुद्दों का नहीं। जनहित के सवालों पर वे तथ्य, प्रमाण और मुद्दे के आधार पर अपनी बात रखती रहेंगी।
“अगर मैं गलत को गलत बोलने की हिम्मत रखती हूं, तो सही को सही बोलने की हिम्मत भी मुझमें होनी चाहिए।”
