मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के ग्राम कोसमी में प्रशासन और वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारी नाराजगी व्यक्त की है।
शिवराज बोले—बीजेपी को वोट देने वालों पर ही कार्रवाई क्यों? अधिकारियों की भूमिका पर उठाए सवाल
सीहोर :केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जमीन पर लंबे समय से काबिज लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी को बदनाम करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बीजेपी को वोट दिया, उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह प्रभावित लोगों का दर्द, उनके आंसू, बर्बाद हुई फसल और चौपट हुए भविष्य की जानकारी मुख्यमंत्री को देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की कार्रवाई से पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
शिवराज ने कहा कि उन्होंने पहले भी निवेदन किया था कि बरसों से जमीन पर काबिज लोगों को परेशान नहीं किया जाए। उन्होंने इस पूरे मामले को दुखद बताते हुए कहा, “इन्हीं के वोट से हम लोग जीतते हैं और इन्हीं के वोट से मोहन जी मुख्यमंत्री बने हैं।” अब इस मामले में मुख्यमंत्री के सामने प्रभावित लोगों की बात रखने की बात कही है।
