शिव-अनुराग भवन में दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत, कल से नौ देवियों के नौ स्वरूपों के होंगे दर्शन
*बिलासपुर, 13 अक्टूबर ।* नवरात्रि के अवसर पर राज किशोर नगर स्थित शिव-अनुराग भवन में चैतन्य देवियों की झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बिलासपुर प्रवास पर पहुंचे खड़गपुर रेलवे के पुलिस महानिरीक्षक भवानीशंकर नाथ ने दीप प्रज्वलन कर झांकी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज बिलासपुर टिकरापारा प्रभारी बीके मंजू दीदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शरद बल्हाल, राकेश भाई तथा सेवाकेंद्र की अन्य बहनों ने भी सहभागिता निभाई।
*देवी स्वरूपों के दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण से हुए रूबरू*
शुभारंभ के अवसर पर बीके रूपा दीदी, लक्ष्मी बहन और देवहुति बहन देवी स्वरूप में विराजित रहीं। सुसज्जित झांकी में देवी स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुति ने आध्यात्मिक वातावरण को विशेष बना दिया। झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को देवी स्वरूपों के दर्शन के साथ नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व को समझने का अवसर मिल रहा है।
**कल से नौ देवियों के नौ स्वरूपों के होंगे दर्शन**
ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने बताया कि झांकी के अगले चरण में श्रद्धालु नौ देवियों के नौ स्वरूपों के दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही दुर्लभ सहस्र ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी विशेष आकर्षण रहेंगे। नवरात्रि के दौरान आयोजित यह झांकी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक चिंतन और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा देगी।
**सड़क पर धूल के कारण हॉल में सजाई झांकी**
इस बार सड़क पर उड़ती धूल और श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा को देखते हुए झांकी भवन के हॉल के भीतर सजाई गई है। इससे श्रद्धालु सुविधाजनक वातावरण में देवी स्वरूपों के दर्शन कर सकेंगे। आयोजकों ने नगरीय प्रशासन से निवेदन किया है कि सड़क निर्माण होने तक मार्ग पर दिन में कम से कम दो से तीन बार पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल से होने वाली परेशानी कम हो और स्थानीय नागरिकों सहित झांकी देखने आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
