
बिलासपुर। धार्मिक आस्था और परंपरा के लिए प्रसिद्ध जूना बिलासपुर के हटरी चौक स्थित प्राचीन श्री सीताराम हनुमान मंदिर में विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वर्षों पुराने इस मंदिर की विशेषता है कि इसके पट साल में केवल एक दिन, विजयादशमी के अवसर पर ही खुलते हैं। इस दिन भक्तों को भगवान श्री सीताराम एवं हनुमान जी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है।
मसानगंज निवासी अमर कुमार रुपानी ने बताया कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और इसकी विशेष धार्मिक मान्यता है। परंपरा के अनुसार, मंदिर के पट केवल दशहरे के दिन खोले जाते हैं। इसी वजह से विजयादशमी के दिन यहां दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है।
मान्यता है कि इस प्राचीन मंदिर में सच्चे मन से दर्शन और प्रार्थना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साल में केवल एक दिन खुलने वाले इस मंदिर की परंपरा क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। विजयादशमी पर भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
