
छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के आसपास भी गंदगी, न्यू सर्किट हाउस और अरपा सभाकक्ष के अलग प्रवेश द्वारों के बावजूद निगरानी व्यवस्था पर सवाल; जिम्मेदार उप अभियंताओं की जवाबदेही कौन तय करेगा?अनिल शुक्ला की रिपोर्टबिलासपुर। शहर के मुंगेली नाका स्थित वीआईपी सर्किट हाउस की बदहाल व्यवस्था लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। परिसर में पुराने सर्किट हाउस के साथ नवीन अरपा भवन, न्यू सर्किट हाउस और अरपा सभाकक्ष संचालित हैं, जहां मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद परिसर के गार्डन, पौधों की क्यारियों और बीचों-बीच स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के आसपास शराब की खाली बोतलें, गुटखा-पाउच, पानी के पाउच, डिस्पोजल गिलास और पान की पीक बिखरी हुई है। नवीन भवन के पीछे का हिस्सा भी गंदगी के अंबार और काटकर छोड़ी गई पेड़ों की टहनियों से बदहाल नजर आता है।दो भवन, दो उप अभियंता, फिर भी व्यवस्था भगवान भरोसे!पुराने सर्किट हाउस के रखरखाव की जिम्मेदारी उप अभियंता अतुल स्वर्णकार और नवीन अरपा भवन की जिम्मेदारी उप अभियंता अश्विनी कुंजम के पास है। परिसर में न्यू सर्किट हाउस और अरपा सभाकक्ष के अलग-अलग प्रवेश द्वार होने के बावजूद शराब की बोतलों और गंदगी का मिलना सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। क्या बाहरी व्यक्ति परिसर में बेरोकटोक प्रवेश कर शराबखोरी और गंदगी फैला रहे हैं? क्या नियमित निरीक्षण और सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है? यह भी जांच का विषय है कि ऐसी गतिविधियों के पीछे कौन जिम्मेदार है।अतुल स्वर्णकार ने जताई अनभिज्ञता, अश्विनी कुंजम ने नहीं उठाया फोनइस संबंध में उप अभियंता अतुल स्वर्णकार से चर्चा करने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति आकर बोतलें डाल गया होगा। वहीं नवीन अरपा भवन के उप अभियंता अश्विनी कुंजम से पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।सर्किट हाउस में अतिथियों की बुकिंग नियंत्रित तरीके से होती है, ऐसे में परिसर में अनधिकृत प्रवेश और इस तरह की गतिविधियों पर नियंत्रण कौन रख रहा है? लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे परिसर का भौतिक निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा, प्रवेश रजिस्टर और कर्मचारियों की ड्यूटी की समीक्षा करनी चाहिए। शराब की बोतलें और गंदगी किसने फैलाई, इसकी जांच कर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।सवाल यह है कि जिस परिसर में प्रदेश के मंत्री, विधायक और बड़े अधिकारी ठहरते हैं, जहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित है, वहां शराब की बोतलें और गंदगी का अंबार आखिर किसकी लापरवाही का परिणाम है? सरकारी संपत्ति के रखरखाव और विभागीय जवाबदेही पर अब वरिष्ठ अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं, इस पर सबकी नजर है।
