
संतों के सानिध्य में दो दिवसीय आयोजन, दामोदर साईं ने दिया भक्ति और मानव जीवन का अनमोल संदेश
बिलासपुर/चकरभाठा। श्री झूलेलाल मंदिर सिंधु अमरधाम आश्रम चकरभाठा का 50वां स्थापना दिवस 11 एवं 12 नवंबर को बड़े ही हर्षोउल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संत-महात्माओं के सानिध्य में धूमधाम से मनाया गया। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। संतों के दर्शन, सत्संग और भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान झूलेलाल एवं बाबा गुरमुखदास साहिब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात पूज्य बहराणा साहिब की ज्योत प्रज्ज्वलित कर धार्मिक आयोजन की शुरुआत हुई। इस विशेष अवसर पर देवपुरी दरबार रायपुर से पूजनीय माता मीरा देवी एवं नागपुर से संत दामोदर साईं विशेष रूप से उपस्थित हुए। दोनों संतों ने अपने रूहानी दर्शन और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति का संदेश दिया।मनुष्य जन्म अनमोल है, इसे व्यर्थ न गंवाएं : दामोदर साईंसत्संग के दौरान संत दामोदर साईं ने अपने प्रवचनों में कहा कि हमारा यह शरीर नौ करोड़ का है, फिर भी हम स्वयं को गरीब समझते हैं। 84 लाख योनियों में सबसे सर्वोत्तम योनि मनुष्य योनि है। इस मानव जीवन को पाने के लिए देवता भी तरसते हैं, लेकिन हम अपने अनमोल जीवन को सांसारिक मोह-माया और व्यस्तताओं में व्यर्थ गंवा रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि सच्चे मन से अपनी आत्मा को परमात्मा से जोड़ लें और भक्ति के रंग में रंग जाएं, तो जीवन की वास्तविक कीमत समझ में आ जाएगी। प्रभु के नाम, भक्ति और सिमरन में जो सुख-शांति है, वह संसार की किसी भी वस्तु में नहीं मिल सकती। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि उठते-बैठते, खाते-पीते, खाना बनाते समय और वाहन चलाते समय भी हर पल भगवान का नाम स्मरण करते रहें।संत दामोदर साईं ने कहा कि इसका अर्थ यह नहीं है कि मनुष्य अपनी पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों से पीछे हट जाए। घर-परिवार का ध्यान रखें, ईमानदारी से व्यापार करें और धन भी कमाएं, लेकिन इन सबके बीच परमात्मा को कभी न भूलें। उन्होंने कहा कि मनुष्य को मृत्यु का भय इसलिए सताता है क्योंकि उसका मोह दुकान, संपत्ति, सामान और परिवार से जुड़ जाता है। जिस दिन मनुष्य सच्चे अर्थों में प्रभु का भक्त बन जाएगा, उस दिन उसके भीतर से मृत्यु का भय और सांसारिक मोह धीरे-धीरे समाप्त होने लगेगा। इसलिए उम्र चाहे कितनी भी हो, आज से ही प्रभु का नाम जपना शुरू कर देना चाहिए।मंदिर नहीं, हजारों संतों की तपोभूमि है यह धाम : संत साईं लालदासइस अवसर पर संत साईं लालदास जी ने अपने आशीर्वचन में सभी श्रद्धालुओं को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं मंदिर के 50वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मंदिर के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाबा गुरमुखदास साहिब जी के प्रयासों से इस मंदिर की स्थापना हुई थी। एक छोटे से मंदिर से आज यह विशाल एवं दिव्य धार्मिक धाम बन पाया है, यह बाबा जी की कृपा और भगवान झूलेलाल की मेहर का ही प्रतिफल है।उन्होंने कहा कि यह स्थान केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि हजारों संतों की तपोभूमि है। अनेक संत-महात्माओं ने यहां पहुंचकर तपस्या की और अपने पावन चरणों से इस भूमि को पवित्र किया। यहां आने वाले संतों ने श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद देकर इस धाम की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ाया है। ऐसे सभी संत-महात्माओं के चरणों में हम बारंबार नमन करते हैं।पूजनीय माता मीरा देवी ने भी सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को श्री झूलेलाल मंदिर के 50वें स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।आरती, प्रसाद वितरण और बहराणा साहिब के विसर्जन के साथ हुआ समापनदो दिवसीय आयोजन के समापन अवसर पर विधिवत आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात पूज्य बहराणा साहिब को ढोल-बाजे के साथ मंदिर से तालाब तक ले जाया गया, जहां पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया। अखंड ज्योत को भी विधिवत प्ररवान कर धार्मिक अनुष्ठानों का समापन किया गया।इस अवसर पर बाबा गुरमुखदास सेवा समिति द्वारा पधारे हुए संत-महात्माओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूरे आयोजन का सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसका हजारों लोगों ने घर बैठे लाभ उठाया।इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में बाबा गुरमुख दास सेवा समिति, श्री झूलेलाल महिला सखी सेवा ग्रुप, महिला मंडल एवं पूज्य सिंधी पंचायत चकरभाठा के समस्त सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। 50वें स्थापना दिवस का यह आयोजन श्रद्धा, सेवा, संत परंपरा और सामाजिक एकता की सुंदर मिसाल बनकर संपन्न हुआ।
