
**रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तथा कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर हुई विस्तृत चर्चा।*बिलासपुर – 19 नवंबर 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय, बिलासपुर में दिनांक 18 एवं 19 नवंबर 2026 को द्वितीय क्षेत्रीय स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने की। बैठक में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती दर्शनीता बी. अहलूवालिया सहित सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मेन्स कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित थे। पीएनएम बैठक का उद्देश्य मान्यता प्राप्त यूनियन के प्रतिनिधियों एवं रेलवे प्रशासन के बीच विचार-विमर्श के माध्यम से रेल कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों का समाधान करना तथा संगठन की कार्यप्रणाली एवं कार्यस्थल की सुविधाओं में गुणात्मक सुधार लाना है। बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों द्वारा रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता तथा टिकटिंग स्टाफ को अपने कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान विभागीय भर्ती (जीडीसीई) के अंतर्गत 410 पदों पर भर्ती हेतु बहुत जल्द नोटिफिकेशन जारी किए जाने की जानकारी दी गई । बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने यूनियन पदाधिकारियों द्वारा कर्मचारियों से जुड़े विषयों को प्रशासन के संज्ञान में लाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति संवेदनशील है तथा कर्मचारियों को कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महाप्रबंधक ने बैठक में उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया तथा कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर नियमानुसार आवश्यक पहल करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान रेलवे प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित विषयों पर यूनियन पदाधिकारियों के साथ चर्चा की तथा उठाए गए मुद्दों पर विभागीय पक्ष एवं जानकारी प्रस्तुत की। इस दो दिवसीय बैठक के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन एवं यूनियन के बीच कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद स्थापित हुआ। बैठक में कर्मचारी कल्याण, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं तथा कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।************
