
*
*लोको पायलटों को सिग्नल, लेवल क्रॉसिंग एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सटीक जानकारी देने में सहायक हैं 3657 फॉग सेफ डिवाइस ।**जीपीएस आधारित तकनीक से घने कोहरे में भी ट्रेन परिचालन को अधिक संरक्षित एवं सुगम बनाने में मिल रही मदद ।*बिलासपुर : 19 नवंबर 2026 सर्दियों के मौसम में कोहरे के कारण ट्रेन परिचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने तथा यात्रियों की संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में रेलवे द्वारा अपने तीनों रेल मंडलों में लगभग 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। जीपीएस आधारित यह आधुनिक उपकरण घने कोहरे के दौरान लोको पायलटों को रेल मार्ग में आने वाले सिग्नल, लेवल क्रॉसिंग गेट, रेलवे स्टेशन एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सटीक जानकारी प्रदान करने में सहायक हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रेल नेटवर्क भौगोलिक दृष्टि से विविध क्षेत्रों में फैला हुआ है। इसमें मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ घने जंगलों एवं पहाड़ी क्षेत्र भी शामिल हैं। विशेष रूप से खोंगसरा एवं भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में सर्दियों के दौरान घना कोहरा ट्रेन परिचालन को प्रभावित करता है। ऐसे में ट्रेन परिचालन के दौरान लोको पायलटों को सिग्नल एवं रेल मार्ग को देखने में फॉग सेफ डिवाइस महत्वपूर्ण सहायक की भूमिका निभाता है।*क्या है फॉग सेफ डिवाइस और कैसे करता है काम?* फॉग सेफ डिवाइस एक जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरण है, जो लोको पायलट को रेल मार्ग की पूर्व निर्धारित जानकारी उपलब्ध कराता है। इसमें एक एंटीना लगा होता है, जो जीपीएस सिग्नल प्राप्त करता है। साथ ही, इसकी मेमोरी में संबंधित रेल मार्ग की जानकारी पहले से फीड रहती है। इसमें मार्ग में पड़ने वाले रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित एवं अमानवित समपार फाटक तथा न्यूट्रल सेक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का विवरण दर्ज होता है। यह उपकरण लोको पायलट को इन स्थलों के संबंध में स्क्रीन पर जानकारी प्रदर्शित करने के साथ-साथ ऑडियो अलर्ट भी प्रदान करता है। इसके माध्यम से भौगोलिक क्रम में आने वाले अगले तीन निर्धारित सिग्नल की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले तक प्राप्त हो सकती है। इससे लोको पायलट को आगे आने वाले महत्वपूर्ण सिग्नलों के प्रति पहले से सतर्क रहने और निर्धारित परिचालन नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने में सहायता मिलती है। सामान्य परिस्थितियों में लोको पायलट सिग्नलों को देखकर ट्रेन का परिचालन करते हैं, लेकिन घने कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण सिग्नल को समय पर देख पाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसी स्थिति में फॉग सेफ डिवाइस से मिलने वाली पूर्व सूचना लोको पायलटों के लिए काफी उपयोगी साबित होती है।*विभिन्न प्रकार के रेलखंडों एवं इंजनों में उपयोगी* फॉग सेफ डिवाइस सिंगल लाइन, डबल लाइन, विद्युतीकृत एवं गैर-विद्युतीकृत सभी प्रकार के रेलखंडों के लिए उपयुक्त है। इसका उपयोग इलेक्ट्रिक एवं डीजल इंजनों के साथ-साथ ईएमयू, मेमू एवं डेमू ट्रेनों में भी किया जा सकता है। इसमें 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप उपलब्ध है। यह उपकरण आकार में छोटा, वजन में हल्का, पोर्टेबल एवं मजबूत बनावट वाला है। लोको पायलट इसे अपनी ड्यूटी के दौरान आसानी से साथ ले जाकर इंजन के कैब डेस्क पर रख सकते हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा फॉग सेफ डिवाइस का उपयोग कोहरे के मौसम में ट्रेन परिचालन को अधिक संरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह तकनीक लोको पायलटों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक एवं बेहतर परिचालन व्यवस्थाओं के माध्यम से संरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।******
