
*करंजी एवं कोरबा स्टेशन में आयोजित शिविर में 56 से अधिक पेंशनर्स के बने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र* बिलासपुर – 19 नवम्बर 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेल, बिलासपुर मंडल द्वारा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की कल्याण एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए 01 से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनाने एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित तिथियों में किया जा रहा है, ताकि पेंशनर्स को उनके नजदीकी स्थानों पर ही बिना भागदौड़ किए डिजिटल सेवाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सहजता के साथ मिल सके।इसी क्रम में 18 नवम्बर को करंजी स्टेशन में तथा 19 नवम्बर को कोरबा स्टेशन में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। दोनों शिविर में 56 से अधिक पेंशनर्स का आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही करंजी स्टेशन में मनेन्द्रगढ़ चिकित्सा टीम द्वारा तथा कोरबा स्टेशन में कोरबा चिकित्सा टीम द्वारा इन सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान कर्मचारी कल्याण निरीक्षकों की टीम भी उपस्थित रहे।
