
** *संरक्षा कोटि के कर्मचारियों को सर्तकता, सजगता एवं अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए किया गया प्रेरित |* बिलासपुर :- 19 नवम्बर 2026 मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन में मंडल संरक्षा विभाग द्वारा संरक्षा कोटि के कर्मचारियों में सजगता के साथ संरक्षित कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक करने हेतु निरंतर संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन मंडल के विभिन्न स्टेशनों में किया जा रहा है | इसी कड़ी में आज दिनांक 19 नवम्बर 2026 को बुढ़ार स्टेशन में वरि.मंडल संरक्षा अधिकारी श्री मनीष अग्रवाल, एआरएम अनूप कुमार बागड़ी, एडीएसटीई शहडोल श्री अजय वर्मा तथा संरक्षा सलाहकारों की उपस्थिति में संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया । इस संगोष्ठी में स्टेशन मास्टर, एसएसई, जेई, डीटीआई, सीएलआई, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, पाइंटमैन, गेटमैन, टेक्निशियन, गेंगमैन, कामर्शियल क्लर्क, आरपीएफ सहित विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। संगोष्ठी के दौरान रेल परिचालन में संभावित जोखिमों, दुर्घटनाओं के कारणों तथा उन्हें रोकने के लिए अपनाई जाने वाली प्रभावी सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही संरक्षा सलाहकारों द्वारा स्पेड (SPAD), वर्कसाइट प्रोटेक्शन, शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, लोड स्टेबलिंग, इंटरलॉक एवं नॉन-इंटरलॉक पॉइंट पर शंटिंग, ओएचई आइसोलेटर एवं ओएचई ब्लॉक के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों तथा कोचों को अलग करने की निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। अग्निशमन एवं प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर वरि.मंडल संरक्षा अधिकारी श्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को संरक्षा नियमों का पालन करते हुए अपनी ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता, सजगता एवं अनुशासन के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से शॉर्टकट अपनाने से बचने, कार्य प्रारंभ करने से पहले आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में सुरक्षित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं स्पष्ट संवाद बनाए रखते हुए संरक्षा को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए भी प्रेरित किया।
