केशकाल : चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से केशकाल क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार सुबह से ही नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बादल, कोहरा और रुक-रुककर हो रही हल्की बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। मौसम में अचानक आये बदलाव के बीच लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
कोहरे की चादर में लिपटा केशकाल :

शुक्रवार सुबह केशकाल नगर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिला। सुबह से आसमान में घने बादल छाये रहे, वहीं कई क्षेत्रों में कोहरे की चादर दिखाई दी। धुंध के चलते पेड़-पौधे, सड़कें और खुले मैदान कोहरे में ढके नजर आये। बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने वातावरण में ठंडक बढ़ा दी। सुबह घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंडी हवाओं और ठिठुरन का सामना करना पड़ा।
ठंड से बचने अलाव का ले रहे सहारा :
मौसम में आये बदलाव और तापमान में गिरावट के चलते सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस की जा रही है। ठंड से बचाव के लिये नगर के चौक-चौराहों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव जलाकर तापते नजर आये। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग लकड़ियां जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, गर्म कपड़ों का उपयोग बढ़ने के साथ चाय और अन्य गर्म पेय पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की आवाजाही दिखाई दे रही है। केशकाल के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बादल, कोहरा और हल्की बारिश के चलते मौसम ठंडा बना हुआ है। खुले क्षेत्रों में ठंडी हवाओं का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। हल्की बारिश के बाद खेतों और ग्रामीण रास्तों में नमी देखने को मिल रही है। मौसम में आये बदलाव को देखते हुए किसान भी आगामी दिनों की परिस्थितियों पर नजर बनाये हुए हैं।
कोहरे में वाहन चलाते समय बरतें सावधानी :

सुबह कोहरे और हल्की बारिश के कारण सड़कों पर नमी बनी हुई है, वहीं दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक आवागमन करने की जरूरत है। कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने, पर्याप्त दूरी बनाये रखने और आवश्यकतानुसार लाईट का उपयोग करने से दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है। क्षेत्रवासियों की नजर अब आगामी दिनों की मौसम परिस्थितियों पर टिकी हुई है। मौसम साफ होने पर धूप निकलने की उम्मीद है, हालांकि बादल और बारिश की स्थिति बनी रहने पर ठंड का असर और बढ़ सकता है।
