लखनऊ (उ.प्र.) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि उनका निधन जिले के पंचूर गांव में हुआ। वहीं मुख्यमंत्री योगी की माता का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में होने की संभावना है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं।
सभी कार्यक्रम रद्द कर उत्तराखंड रवाना हुये मुख्यमंत्री योगी :

तो वहीं मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा का दौरा रद्द कर दिया है। वह श्री राम कथा में शामिल नहीं हुये। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया। मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी सीधे गोरखपुर से लखनऊ और फिर लखनऊ से अपनी मां के घर, अंतिम दर्शन के लिये पौड़ी (उत्तराखंड) रवाना हुये। मुख्यमंत्री योगी लखनऊ एयरपोर्ट से उत्तराखंड के लिये रवाना हो गये हैं।
लंबे समय से थीं बीमार :
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने 91 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं, जिसके बाद शुक्रवार को उनका निधन हो गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री योगी की माता के निधन को हृदयविदारक बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी की माता के निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने किया पोस्ट :
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिये एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
म.प्र. के मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक :
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख :

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी की माता के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति!”
मुख्यमंत्री योगी की माता को दी गई श्रद्धांजलि :
लखनऊ में महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनका आज निधन हो गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य तथा राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी उपस्थित थे।
पीयूष गोयल ने किया पोस्ट :
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी आज परलोकगमन सिधार गईं, उनका जाना अत्यंत पीड़ादायक है। मां का साथ छूटना जीवन का सबसे कठिन क्षण है। ऐसे दुःखद समय में, मैं योगी जी एवं सभी परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बाबा विश्वनाथ पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों को ये आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति”
अखिलेश यादव ने जताया दुख :
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उ.प्र. के मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिये हम प्रार्थना करते हैं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।”
मायावती ने व्यक्त की संवेदना :
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज उनके गांव में निधन हो जाने की ख़बर अति-दुखद। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”
चंद्रशेखर आजाद ने व्यक्त किया दुख :
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी की माता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की श्रद्धेय माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। मां को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। प्रकृति शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि एवं विनम्र नमन!।
