
आध्यात्मिक चेतना, मानवीय मूल्यों और सामाजिक समरसता के शाश्वत संदेश को आत्मसात करने के उद्देश्य से दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में सोमवार को सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान आध्यात्मिक संत श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर विशेष प्रातः सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का बहुउद्देशीय सभागार आध्यात्मिक वातावरण और भक्तिमय भावनाओं से सुवासित हो उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः गायत्री मंत्र एवं सामूहिक प्रार्थना से हुआ। तत्पश्चात शौर्य गुप्ता द्वारा प्रतिज्ञा का वाचन तथा कक्षा पाँचवीं की अनायशा द्वारा दिन का सुविचार प्रस्तुत किया गया।समारोह की अगली कड़ी में कक्षा दसवीं की छात्रा मनीत ने गुरु नानक देव जी की पाँच प्रमुख शिक्षाओं का भावपूर्ण विवेचन करते हुए उनके जीवनोपयोगी अर्थ एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, समानता, निःस्वार्थ सेवा, परिश्रम एवं ईश्वर-स्मरण जैसे आदर्शों को अपने जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी।कक्षा दसवीं की छात्रा बानी ने अपने प्रभावशाली भाषण के माध्यम से गुरु नानक जयंती के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्त्व को रेखांकित किया। इसके पश्चात कक्षा द्वितीय एवं चतुर्थ की छात्राओं ग़ुरसाँझ, जपजोत एवं कविन ने गुरु नानक देव जी को समर्पित भावपूर्ण कविता-पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम में कक्षा नौवीं के छात्र जपनूर ने ‘लंगर प्रथा का शुभारंभ’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए गुरु नानक देव जी की उस महान परंपरा का महत्त्व समझाया, जो जाति, धर्म, वर्ग एवं सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, बंधुत्व और सेवा का अनुपम संदेश देती है।समारोह का एक अन्य आकर्षक पक्ष कक्षा तृतीय एवं चतुर्थ की गनीव एवं जसनीत द्वारा प्रस्तुत ‘गुरु नानक देव जी के प्रेरणादायी साखियाँ’ रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरुजी के जीवन से जुड़ी प्रेरक शिक्षाओं एवं आदर्श प्रसंगों को अत्यंत सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया।समूचा आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक सांस्कृतिक गतिविधि नहीं, अपितु भारतीय आध्यात्मिक विरासत, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को समझने का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुआ।कार्यक्रम का समापन गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक संदेश ‘एक ओंकार, सतनाम, करता पुरख’ की आध्यात्मिक भावना तथा उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य श्री अश्वनी वर्मा ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि सच्ची शिक्षा वही है, जो मनुष्य को ज्ञानवान बनाने के साथ-साथ संवेदनशील, विनम्र, सेवाभावी और मानवता के प्रति समर्पित भी बनाए। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ आज भी संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रकाशपुंज हैं और सदैव सद्भाव, समानता तथा प्रेम की राह प्रशस्त करती रहेंगी।कार्यक्रम का समापन गुरुनानक देव जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा प्रेम, एकता और मानवता के पद पर अग्रसर रहने के संकल्प के साथ हुआ।
