बाबा मेहरशाह साहिब का तीन दिवसीय यादगार दिवस संपन्न
सतना । बाबा दयालदास साहिब जी के वर्सी महोत्सव एवं बाबा मेहरशाह साहिब जी के यादगार दिवस पर आज समापन अवसर पर स्वामी खिम्यादास जी ने श्री गुरु सिद्धांत सागर साहिब जी के पाठ साहिब का भोग लगाया गया, वर्सी महोत्सव के सभी कार्यक्रम स्वामी पुरषोत्तम दास जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुए। इस अवसर पर सांई आसनदास जी जबलपुर, सांई कमलदास रीवा, पंडित घनश्याम दास शर्मा, भाई कृपालदास जग्यासी रीवा, भाई राजकुमार जग्यासी, विंध्य चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा, महापौर योगेश ताम्रकार, भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पाण्डेय, हिंदू पर्व समिति के पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

बाबा मेहरशाह दरबार साहिब के प्रमुख प्रवक्ता राजकुमार बजाज ने बताया कि इस अवसर पर उल्हासनगर मुंबई संजू भगत जी ने अपने गीतों के माध्यम से जोरदार प्रस्तुति दी। गीतों पर श्रद्धालुओं ने जमकर मौज मनाई। इस अवसर पर स्वामी खिम्यादास जी ने फ़रमाया कि आज हम इतना व्यस्त हो गए हैं कि सेवा करना ही भूल गए हैं, बिना सेवा के यह जीवन अधूरा है, यह आप को तय करना है कि आप कैसी सेवा करना पसंद करते हो ।

स्वामी जी ने आगे फ़रमाया कि संत सदैव सर्वसमाज को सत्य मार्ग पर चलने की राह दिखाते हैं आप लोग मोह-माया में फंस कर मत भटको, ईश्वर ने हमें इंसान बनाकर हमें भक्ति के मार्ग पर भेजा है, आप सब भी ईश्वरीय भक्ति के साथ सेवा करना सीखिए आप सदैव प्रसन्न और प्रगति को प्राप्त करेंगे। वही शाम को श्री झूलेलाल सांई जी की धुनी और पल्लव श्री सिंधु सेवा मंडल नवापारा राजिम छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुति दी गई।