बिलासपुर :- नवरात्रि के पावन अवसर पर बिलासपुर के हेमू नगर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र द्वारा चैतन्य देवियों की एक भव्य एवं मनमोहक झांकी का आयोजन किया गया है। इस अनूठी झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
इस झांकी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें देवियों की प्रतिमाओं की जगह, जीवित कन्याओं को माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी, माँ सरस्वती तथा अन्य देवियों के स्वरूप में सजाया गया है। शांत और दिव्य मुद्रा में बैठी ये कन्याएं साक्षात देवियों के पृथ्वी पर अवतरण का अनुभव करा रही हैं। यह कार्य परमपिता परमात्मा शिव के मार्गदर्शन से हेमुनगर स्थित ओम शांति सेंटर द्वारा विगत पंद्रह वर्षों से चल रहा है। झांकी की आलौकिक छटा और भक्तिपूर्ण संगीत हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की स्थानीय संचालिका बी के लता दीदी एवं बी के उमा दीदी ने बताया कि इस झांकी का मुख्य उद्देश्य समाज में नारी शक्ति के सम्मान और आध्यात्मिक मूल्यों को पुनः जागृत करना है। उन्होंने कहा, “नवरात्रि का पर्व हमें याद दिलाता है कि हर नारी में दैवीय शक्तियां और गुण विद्यमान हैं। इस चैतन्य झांकी के माध्यम से हम यही संदेश दे रहे हैं कि पवित्रता, शांति और शक्ति को अपने जीवन में धारण कर कोई भी देवत्व को प्राप्त कर सकता है।”
शाम 7 बजे से लेकर देर रात तक भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालुगण घंटों कतार में लगकर इन चैतन्य देवियों के दर्शन कर रहे हैं और उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। यह भव्य झांकी पूरे नवरात्रि तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी
महापौर ने की झांकी की सराहना*
विजयदशमी के अवसर पर बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी जी ने पंडाल में पहुंचकर चैतन्य देवियों के दर्शन किए। उन्होंने सभी देवियों की महिमा का गुणगान किया और ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा पिछले 15 वर्षों से किए जा रहे इस अनूठे कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अपील करते हुए कहा कि वे भी ब्रह्माकुमारीज़ से जुड़कर सुख, शांति और समृद्धि द्वारा अपने पारिवारिक जीवन को खुशहाल बनाने की दिशा प्राप्त करें।