कोरबा।
सिंधी समाज के ईष्टदेव भगवान वरुण देव के अवतार सांई झूलेलाल जी के पावन चालीहा महोत्सव का आज 4 जनवरी 2026, रविवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भव्य समापन किया गया। यह महोत्सव 22 नवंबर 2025 से श्री झूलेलाल मंदिर, रानी रोड कोरबा में निरंतर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया जा रहा था।
चालीहा महोत्सव के दौरान श्री झूलेलाल मंदिर महिला सेवा समिति द्वारा प्रतिदिन श्री धूनी साहब का आयोजन कर भगवान झूलेलाल जी की महिमा का गुणगान किया गया। सर्व समाज के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समापन दिवस पर सुबह 11 बजे श्री झूलेलाल मंदिर में विधि-विधान से श्री बहराणे साहब की पूजा संपन्न हुई। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे सिंधु भवन, रानी रोड में आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम 5 बजे श्री झूलेलाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर भ्रमण करते हुए ठाकुर घाट, पुरानी बस्ती पहुंची। वहां महाआरती, पल्लव के पश्चात चालीहे साहब की ज्योत का परवान कर चालीहा महोत्सव का विधिवत समापन किया गया।
इस अवसर पर श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति कोरबा के सेवादारों ने सिंधी समाज सहित सभी धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चालीहे महोत्सव ने समाज में भाईचारे, श्रद्धा और एकता का संदेश दिया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से समापन कार्यक्रम भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।