बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने एवं महिला फरियादी व गवाहों को धमकाने वाले तीन व्यक्तियों के खिलाफ कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के कृत्यों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2025 को प्रार्थिया सुशीला चौहान, निवासी अन्नपूर्णा कॉलोनी बिरकोना, थाना कोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाली काजल तिवारी के यहां कुछ संदिग्ध युवक आए हुए थे। इस पर प्रार्थिया एवं पड़ोस की कुछ महिलाएं जब पूछताछ करने पहुंचीं तो काजल तिवारी ने आवेश में आकर अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट कर प्रार्थिया के चेहरे और गले में चोट पहुंचाई।
प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान दिनांक 17 जनवरी 2025 को आरोपी काजल तिवारी अपने साथियों रितेश यादव एवं संजय उर्फ सोनू मरावी के साथ प्रार्थिया एवं महिला गवाहों से लगातार विवाद एवं धमकी देने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसी बड़ी घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं संभावित गंभीर घटना को रोकने के उद्देश्य से कोनी पुलिस द्वारा तीनों अनावेदकों को धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
रितेश यादव पिता मनोज कुमार यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी बैमा नागोई, थाना सरकंडा
संजय उर्फ सोनू मरावी पिता बरातुराम मरावी, उम्र 19 वर्ष, निवासी आशाबंध बिरकोना, थाना कोनी
काजल तिवारी पिता विजय शंकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णा कॉलोनी बिरकोना, थाना कोनी, जिला बिलासपुर
कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि या शांति भंग करने की कोशिश की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।