बिलासपुर, 18 जनवरी 2026 —
सरकण्डा थाना क्षेत्र में लूटपाट कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सरकण्डा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों सहित 2 विधि से संघर्षरत नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल एवं नगद राशि भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुश कुमार खुसरो जो ब्लिंकिट कंपनी में डिलिवरी बॉय के रूप में कार्यरत है, ने दिनांक 18.01.2026 को थाना सरकण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दोपहर लगभग 1:30 बजे अशोक विहार फेस-2 से डिलिवरी कर कंपनी के स्टोर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चार युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर उसकी जेब में रखे 1000 रुपये नकद एवं मोटोरोला मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। भागते समय एक आरोपी ने अपने साथी को “आकाश” नाम लेकर पुकारा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ACCU) श्री अनुज कुमार एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकण्डा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकण्डा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई प्रारंभ की।
मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने शिव मंदिर, चिंगराजपारा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आकाश केंवट ने अपने साथी दीपक पटेल एवं दो नाबालिगों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन विधिवत जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। सरकण्डा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
गिरफ्तार आरोपी:
आकाश केंवट, पिता – विजय केंवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी – चिंगराजपारा, शिव मंदिर के पास, थाना सरकण्डा, बिलासपुर
दीपक पटेल, पिता – द्वारिका पटेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी – चिंगराजपारा, शिव मंदिर के पास, थाना सरकण्डा, बिलासपुर
विधि से संघर्षरत 02 नाबालिग बालक