बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद किया और मना करने पर युवक के साथ गाली-गलौच व मारपीट करते हुए चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 18 जनवरी 2026 की रात प्रार्थी संतोष साहू, निवासी चिंगराजपारा सरकंडा, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र शुभम साहू नवधा रामायण देखने गया था। देर रात करीब 2.15 बजे पड़ोसी द्वारा सूचना दी गई कि नवधा रामायण चौक के पास कोमल देवांगन और तुलेश्वर उर्फ गोलू दिवाकर ने शुभम से शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की थी। पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और कोमल देवांगन ने अपने पास रखे धारदार चाकू से पीछे से हमला कर दिया।
घटना में शुभम साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रकरण की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हेतु कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं सीएसपी सरकंडा/सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू को चिकित्सकों द्वारा घायल के शरीर से निकलवाकर विधिवत जप्त किया गया।
आरोपी कोमल देवांगन उर्फ करन (24 वर्ष) एवं तुलेश्वर दिवाकर उर्फ गोलू (22 वर्ष), दोनों निवासी लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने और अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाएगी।