मऊगंज (अखंड सत्ता)
जिला कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया के नेतृत्व में गठित राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में संचालित विभिन्न वाटर प्लांट एवं कैन आरओ वॉटर सप्लाई प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
कार्यवाही के दौरान खटखरी स्थित के.के. इंडस्ट्रीज (हिमालय ब्रांड पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर) यूनिट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि संचालक द्वारा प्रतिष्ठान पर फर्म का बोर्ड नहीं लगाया गया था तथा लाइसेंस, वॉटर टेस्टिंग लैब, परीक्षण रिपोर्ट सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए टीम प्रभारी डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया द्वारा तत्काल प्रभाव से उक्त पैकेजिंग यूनिट को सील करते हुए आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होने तक उत्पादन बंद करा दिया गया।
इसके साथ ही तनु आरओ कैन वॉटर सप्लाई एवं नव्या मिनरल्स के संचालकों को मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने तथा स्वच्छ परिस्थितियों में पानी भरने और टीडीएस जांच के बाद ही सप्लाई करने के निर्देश दिए गए।
पूर्व में किए गए निरीक्षण के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी द्वारा नव्या मिनरल्स एवं संजीवनी जल के संचालकों के विरुद्ध बिना पंजीयन एवं खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का प्रकरण तैयार कर सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा वैवाहिक समारोहों एवं आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
