40 यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान, डीजल लीकेज से आग भड़कने की आशंका
देवास। रीवा से गुजरात के सूरत जा रही एक निजी यात्री बस में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। हादसा देवास जिले में भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर नेवरी फाटा के पास हुआ। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 40 यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
चलती बस बनी आग का गोला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस नंबर AR20E2424 रीवा से सूरत जा रही थी। नेवरी फाटा के पास अचानक इंजन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में बस आग का गोला बन गई। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोकी और यात्रियों को उतरने को कहा।
डीजल लीकेज से आग भड़कने की आशंका
प्रारंभिक जांच में डीजल लीकेज से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेज थी कि चंद मिनटों में पूरी बस को चपेट में ले लिया। यात्रियों ने जान बचाने के लिए गेट और खिड़कियों से छलांग लगाई।
सामान जलकर खाक, यात्री सुरक्षित
हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन यात्रियों के बैग, कपड़े और कीमती सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
