रीवा। सनातन धर्म, गौ सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाले महंत श्री जयेश दास उदासीन को विश्व सनातन परिषद (रजि.) द्वारा “राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सनातन धर्म प्रचारक” पद पर नियुक्त किया गया है। परिषद द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में महंत श्री जयेश दास उदासीन के सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, संत समाज को एकजुट करने तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के कार्यों की सराहना करते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विश्व सनातन परिषद के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुजीत कुमार द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि महंत श्री जयेश दास उदासीन ने मध्यप्रदेश में सनातन धर्म की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनके नेतृत्व में धर्म जागरण का कार्य निरंतर विस्तार पा रहा है। परिषद ने आशा व्यक्त की है कि महंत जी भविष्य में भी देश और विदेशों तक सनातन धर्म का संदेश पहुंचाकर समाज को नई दिशा देंगे।
गौरतलब है कि महंत श्री जयेश दास उदासीन वर्तमान में विश्व सनातन परिषद के मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ वे गौ सेवा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में भी पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। महंत जी के सानिध्य में बाबा कल्याण दास नगरी, मोरोद गांव स्थित गौशाला में ऐसी गौ माताओं की सेवा की जाती है जो दूध नहीं देतीं। उन्हें भी उतने ही प्रेम, स्नेह और सम्मान के साथ आश्रय दिया जाता है, जितना दुधारू गायों को दिया जाता है। यह गौशाला सेवा, संवेदना और सनातन संस्कृति का जीवंत उदाहरण मानी जाती है।
विशेष बात यह है कि महंत श्री जयेश दास उदासीन द्वारा गौ माताओं के सम्मान में “गौ श्मशान” का भी निर्माण कराया गया है, जहां मृत गौ माता का विधि-विधान और वैदिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाता है। गौ संरक्षण के प्रति उनकी यह संवेदनशील पहल समाज में विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है। महंत श्री जयेश दास जी उदासीन, गुरु ज्ञान दास जी उदासीन की गादी के वर्तमान गादीनशीन मालिक महंत हैं। हाल ही में इस ऐतिहासिक गुरु गादी के 405 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इंदौर में भव्य “गुरु ज्ञान दास कृपा महोत्सव” का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में देशभर से संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की थी। कार्यक्रम की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी की थी। विश्व सनातन परिषद के सह सचिव एवं मां शक्ति पांचाग के संपादक लेखराज मोटवानी ने महंत की नियुक्ति पर बधाई दी है।धार्मिक चेतना, गौ सेवा, संत परंपरा और समाज कल्याण के क्षेत्र में महंत श्री जयेश दास उदासीन की सक्रियता को देखते हुए उनकी यह नई नियुक्ति सनातन समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय मानी जा रही है।
