
बिलासपुर। तिफरा से चकरभाठा होते हुए रायपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेंटल कॉलेज के समीप एक विद्युत पोल खतरनाक रूप से झुक गया है। पोल का झुकाव सड़क की ओर होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।बरसात में बढ़ा खतरा स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्थिति पिछले दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। बरसात के मौसम में लगातार हो रही बारिश के कारण खतरा और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि यदि झुका हुआ पोल या उससे जुड़े विद्युत तारों में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो करंट फैलने जैसी गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं रात के समय कम दृश्यता के कारण भारी वाहन भी पोल से टकरा सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से न तो सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही पोल को सीधा करने अथवा बदलने की दिशा में कोई पहल की गई है। इससे लोगों में नाराजगी है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भी नियमित रूप से आवागमन करते हैं, फिर भी इस गंभीर समस्या की अनदेखी चिंता का विषय है। नागरिकों ने विद्युत विभाग एवं प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर झुके हुए विद्युत पोल की मरम्मत या प्रतिस्थापन कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही स्थिति को सुरक्षित बनाया जा सके।
