
प्रेस क्लब के “हमर पहुना” कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने साझा किए विकास कार्यों और राजनीतिक जीवन के अनुभवबिलासपुर, 30 जुलाई। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम “हमर पहुना” में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, बिजली और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी है।श्री कौशिक ने बताया कि अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है। परियोजना पूरी होने पर लगभग 67 हजार एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी। इसके अलावा पतरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपये तथा दगौरी रेल लाइन के आगे सिंचाई सुविधा विकसित करने के लिए 70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मनियारी-बनियारी परियोजना पर भी कार्य प्रगति पर है।उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अधिकांश विद्यालयों में दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है तथा कई विद्यार्थियों ने 95 से 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने विशेष संतोष व्यक्त किया कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में छात्राओं की शिक्षा लगातार आगे बढ़ रही है और अनेक विद्यालयों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है।अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए श्री कौशिक ने बताया कि उन्होंने वकालत से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और लगभग साढ़े चौदह वर्षों तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए विधायक बनने का अवसर मिला।उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय की यादें साझा करते हुए कहा कि बिलासपुर में उच्च न्यायालय की स्थापना के लिए जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि राज्य के संतुलित विकास के लिए राजधानी रायपुर और हाईकोर्ट बिलासपुर में स्थापित करने की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार किया गया। बाद में राज्य गठन के उपरांत बिलासपुर में उच्च न्यायालय का शुभारंभ हुआ, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।धरमलाल कौशिक ने कहा कि जब उन्होंने बिल्हा का प्रतिनिधित्व संभाला, तब क्षेत्र में सड़क और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति अत्यंत सीमित थी। उनके प्रयासों से अनेक सड़क परियोजनाएं, विद्युत उपकेंद्र, विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य विकास कार्य शुरू हुए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 132 केवी, 220 केवी और 400 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए, जिससे बिजली व्यवस्था मजबूत हुई।उन्होंने कहा कि बिल्हा क्षेत्र में स्थित हवाई अड्डा, बिलासपुर उच्च न्यायालय, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल तथा शिल्पहरी और दगौरी सहित औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनहित और विकास के कार्यों को आगे भी इसी गति से जारी रखेगी।कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, वीरेंद्र गहवई, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
