बिलासपुर :- तुर्काडीह। ग्राम पंचायत तुर्काडीह में इस वर्ष भोजली पर्व को उत्साह और पारंपरिक संस्कृति के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। ग्राम पंचायत की ओर से 29 अगस्त को भोजली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सामूहिक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद निराश न हो।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रमोद पटेल ने बताया कि गांव में बच्चों एवं लोगों कोvतीन दिन पूर्व गेहूं का बीज वितरित किया गया है। इसके बाद सभी प्रतिभागी भोजली की सेवा एवं देखभाल करेंगे। भोजली तैयार होने के बाद 29 अगस्त को पंचायत स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भोजली प्रतियोगिता के साथ-साथ 24 घंटे के रामायण पाठ का भी आयोजन किया जा रहा है। रामायण पाठ 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन शाम से प्रारंभ होगा और 29 अगस्त को भोजली प्रतियोगिता के बाद इसका समापन किया जाएगा।
प्रमोद पटेल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य गांव के बच्चों और नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक संस्कृति, लोक पर्व और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तुर्काडीह की वर्तमान सरपंच देव कुमारी प्रमाेद पटेल सहित ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी।
