– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर के सभी पेट्रोल, डीजल और ई-रिक्शा ऑटो में जल्द ही क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को ऑटो और उसके चालक से जुड़ी सभी जानकारियां एक क्लिक पर मिल सकेंगी। इस पूरी व्यवस्था का संचालन एसएसपी रजनेश सिंह और एसपी यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी ये जानकारी
यातायात पुलिस के अनुसार, ऑटो में चस्पा क्यूआर कोड को स्कैन करने पर यात्री आसानी से ऑटो चालक, वाहन के मालिक और वाहन से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इस डिजिटल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से यात्रा के दौरान किसी भी तरह के विवाद, भ्रम या आशंका की स्थिति में वाहन और चालक की पहचान करना बेहद आसान हो जाएगा। आपातकालीन या किसी भी अप्रिय घटना के समय भी यह डिजिटल रिकॉर्ड पुलिस के लिए बेहद मददगार साबित होगा।
महिला चालकों और यात्रियों की सुरक्षा होगी पुख्ता
बिलासपुर में बड़ी संख्या में महिलाएं भी ऑटो चलाती हैं और कई बार उन्हें रात-बिरात या दूर-दराज के इलाकों तक यात्रियों को छोड़ना पड़ता है। ऐसे में यह डिजिटल व्यवस्था महिला चालकों और यात्रियों, दोनों की सुरक्षा में एक मजबूत कवच का काम करेगी। किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस को सूचना मिलने पर संबंधित ऑटो और चालक का विवरण तुरंत प्राप्त किया जा सकेगा।
प्रशासन की अपील: जल्द कराएं रजिस्ट्रेशन
यातायात पुलिस ने शहर के सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने वाहनों का अनिवार्य रूप से डिजिटल रजिस्ट्रेशन करवा लें। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना रजिस्ट्रेशन वाले ऑटो पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
