बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकेरा में शनिवार रात बिजली का करंट लगने से 28 वर्षीय गृहिणी की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद परिजन महिला को तत्काल एंबुलेंस से मस्तूरी स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकुर्दीकेरा निवासी धनेश्वरी यादव (28) गृहिणी थीं। शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर में थीं। इसी दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी हालत बिगड़ गई।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल धनेश्वरी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। एंबुलेंस की मदद से उन्हें मस्तूरी के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया गया। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
