बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहे तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम ने कल शाम से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद रविवार सुबह दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए।जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी अनमोल जायसवाल (7), पिता भुवनेश्वर जायसवाल, स्तुति जायसवाल (9), पिता भुवनेश्वर जायसवाल और शिक्षा जायसवाल (8), पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और तीनों बच्चे पानी की चपेट में आकर बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कल शाम से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी अभियान के दौरान एक बच्चे का शव उसी दिन बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश में एसडीआरएफ के जवान रातभर नदी में अभियान चलाते रहे। रविवार सुबह दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए।बताया जा रहा है कि तीनों मासूम एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम छा गया है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल KG-2, जबकि स्तुति जायसवाल और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में अध्ययनरत थीं। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बच्चों की मौत से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
