अमरावती: पूज्य शदाणी दरबार, अमरावती में भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रातः 5:00 बजे पूज्य संत श्री डॉ. युधिष्ठिर लाल जी का शुभ आगमन हुआ, जहाँ श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत प्रातः 9:00 बजे ‘आसा दी वार’ का पाठ संपन्न हुआ।
भव्य कावड़ यात्रा और संत सानिध्य
प्रातः 10:00 बजे पूज्य संत श्री डॉ. युधिष्ठिर लाल साहब जी के पावन सानिध्य में भव्य कावड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूज्य संत जी ने श्रद्धालुओं को कावड़ यात्रा के धार्मिक महत्व और महिमा से अवगत कराया।
आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक झांकियाँ
कावड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सजीव झांकियाँ रहीं, जिनमें भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान श्री कृष्ण, पूज्य माता हासी देवी और संत गोबिंदराम साहब जी के पावन स्वरूपों को दर्शाया गया। यात्रा में शामिल पुरुषों ने श्वेत कुर्ता-पाजामा और सिर पर ‘जय शदाराम’ अंकित पट्टी धारण की थी, वहीं महिलाएँ गुलाबी परिधान में सिर पर ‘जय शदाराम’ की पट्टी बाँधकर भक्तिभाव से शामिल हुईं।
मार्ग में हुआ भव्य स्वागत
शदाणी दरबार (सिंधु नगर) से आरंभ हुई यह कावड़ यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई कंवर नगर स्थित शिव मंदिर पहुँची। मार्ग में जगह-जगह पूज्य सेवा मंडल (कंवर नगर) और पूज्य पंचायत (कंवर नगर) सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने यात्रा व पूज्य संतों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शिव मंदिर पहुँचने पर मंदिर के सभी सेवाधारियों ने संतों और कावड़ियों का आत्मीय स्वागत व सत्कार किया।
जलाभिषेक और समापन
मंदिर परिसर में पूज्य संतों और कावड़ यात्रा में शामिल सभी भक्तों ने विधि-विधान से शिवलिंग पर पवित्र जल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर साईं जशन लाल जी, साईं राजेश लाल जी, पंडित महेश शर्मा सहित पूज्य पंचायत के गणमान्य सदस्य, सेवाधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
