विधायक सुशांत शुक्ला ने ₹15 लाख के संस्कृति मंच और महापौर पूजा विधानी ने ₹10 लाख के बाउंड्रीवाल की सौगात दी
बिलासपुर, 30 अगस्त 2026। स्मृति वन के समीप लिंगियाडीह में रविवार को कुशवाहा कल्याण विकास समिति, बिलासपुर के तत्वावधान में भगवान श्री लव-कुश जी का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इसी अवसर पर समाज के लिए प्रस्तावित संस्कृति मंच एवं बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी द्वारा ₹15 लाख की लागत से संस्कृति मंच तथा बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी जी द्वारा ₹10 लाख की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की सौगात दी गई। इन विकास कार्यों से समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान श्री लव-कुश जी का जीवन हमें साहस, शौर्य, संस्कार एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप होने वाले विकास कार्यों से सामाजिक गतिविधियों को नई सुविधा और गति मिलेगी।
वहीं बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के विकास एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संस्कृति मंच एवं बाउंड्रीवाल का निर्माण समाज के लिए उपयोगी साबित होगा और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कुशवाहा समाज को भगवान श्री लव-कुश जी के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कुशवाहा कल्याण विकास समिति के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश कश्यप, सचिव श्री नवल वर्मा, कोषाध्यक्ष श्री रविंद्र कुशवाहा, समिति प्रभारी श्री रमेश कश्यप, संरक्षक श्री रामकुमार कश्यप, संरक्षक श्री मोहनलाल कश्यप, संस्थापक श्री हरिशंकर कुशवाहा, सह कोषाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य, संरक्षक श्री कमल कश्यप, उपाध्यक्ष श्री चंद्रिका कश्यप, उपाध्यक्ष श्री अजय कश्यप, श्री सुरेंद्र कश्यप, श्री रविंद्र कश्यप, श्री रवि कश्यप सहित महिला प्रकोष्ठ से श्रीमती मालती कश्यप, श्रीमती आशा मौर्य, श्रीमती जूली कश्यप, श्रीमती गायत्री कश्यप, श्रीमती रीता कश्यप (पार्षद) एवं बड़ी संख्या में समाज के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। सभी समाजजनों ने भगवान श्री लव-कुश जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के विकास, एकता और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कुशवाहा कल्याण विकास समिति, बिलासपुर की ओर से समस्त समाजजनों को भगवान श्री लव-कुश जी के जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
