बिलासपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को “प्रेरणा” लायंस क्लब, बिलासपुर ने बच्चों के साथ बड़े ही उत्साह, उमंग और धार्मिक वातावरण में मनाया। क्लब द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्कूली एवं छोटे बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजकर नृत्य, गीत, भजन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे बच्चों की मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कृष्ण जन्माष्टमी से संबंधित भक्ति गीतों और नृत्यों से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण हो उठा।
दो स्थानों पर आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों को कराया गया न्योता भोज
“प्रेरणा” लायंस क्लब द्वारा यह आयोजन शहर के दो स्थानों कर्बला क्षेत्र एवं उदई चौक में किया गया। दोनों स्थानों पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्थानीय मोहल्लेवासियों ने भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भागीदारी निभाई, बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन किया गया। साथ ही क्लब की सामाजिक सेवा गतिविधि “फूड फॉर हंगर” के अंतर्गत 25 से अधिक बच्चों को भोजन एवं मिष्ठान वितरित किया गया। इस पूरे आयोजन का नेतृत्व “प्रेरणा” लायंस क्लब की सचिव सुनीता सिंह ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की कोषाध्यक्ष राधा सिंह, स्वाति सिंह, रानू रजक, कुसुम कायरवार, सविता रजक, सुलेखा सोनी, राधा कायरवार, काजोल, मनीषा सहित अन्य सदस्याओं का विशेष सहयोग रहा। उदई चौक में आयोजित कार्यक्रम में माधुरी विश्वकर्मा, जानकी यादव सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए “प्रेरणा” लायंस क्लब के इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रयास की प्रशंसा की। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सुंदर मंच भी प्रदान किया।
