*विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, विकसित भारत 2047 और नक्सल मुक्त भारत जैसे विषयों पर रखे विचार, विजेताओं का हुआ सम्मान*
*बिल्हा :-* सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली पब्लिक स्कूल, बिल्हा में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक शामिल हुए। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला में 42 तथा भाषण प्रतियोगिता में 30 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर, नक्सल मुक्त भारत, विकसित भारत 2047, महिला सशक्तिकरण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभाव जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। बच्चों के ओजस्वी भाषण और रचनात्मक चित्रों की प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
श्री धरमलाल कौशिक ने कार्यक्रम को सम्बोधित मरते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘सेवा और संकल्प’ के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों में सेवा भाव, सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए है। उन्होंने विद्यार्थियों को देशहित और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा और संकल्प’ अभियान का मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाना और युवाओं में सेवा भाव जागृत करना है। श्री कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 25 वर्षों के अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को ही संकल्प बनाया है, चाहे वह उज्ज्वला योजना के माध्यम से माताओं को धुएं से मुक्ति दिलाना हो, आवास योजना से गरीब को पक्का मकान देना हो या स्वच्छ भारत और डिजिटल इंडिया से नए भारत का निर्माण करना हो। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर है। विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि देशहित, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उनके प्रेरणादायी संबोधन से पूरे कार्यक्रम स्थल में देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा का भाव और अधिक प्रबल हो गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही वृक्षारोपण के क्षेत्र में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले श्री कलेश्वर साहू को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संयोजन डॉ. विश्वनाथ कश्यप, जसपाल सिंह एवं सुनील पांडेय द्वारा किया गया तथा मंच संचालन जय कौशिक ने किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, जिला पंचायत सभापति डॉ. गोविंद यादव, बीईओ भूपेंद्र कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, निर्णायक मंडल के सदस्य, पालक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
